शिमला। धर्मशाला के तपोवन में 16 नवंबर से शुरू होने जा रहे हिमाचल विधानसभा शीतकालीन सत्र से ठीक पहले प्रदेश की सियासत और प्रशासन में हलचल तेज़ हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कल यानी 13 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे मंत्रिमंडल की अहम बैठक बुला ली है। शिमला स्थित राज्य सचिवालय के “शिखर सम्मलेन हॉल” में होने वाली इस कैबिनेट पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हुई है। पहले ये बैठक 7 नवंबर को प्रस्तावित की गई थी, लेकिन अब इसे सत्र से ऐन पहले बुलाकर सरकार ने बड़े सियासी दांव का संकेत दे दिया है।

बेरोज़गारो की चमक सकती है क़िस्मत
मिली जानकारी के अनुसार कल होने वाली सुक्खू कैबिनेट की बैठक से सबसे ज्यादा उम्मीदें प्रदेश के बेरोज़गार युवाओं और कर्मचारियों को हैं। लम्बे समय से हिमाचल सरकारी नौकरी 2026 के तहत नई भर्तियों का इंतज़ार कर रहे युवाओं को कल बड़ा तोहफ़ा मिल सकता है। सूत्रों की माने तो विभिन्न सरकारी विभागों में खाली पड़े सैंकड़ों पदों को भरने के प्रस्ताव को कल कैबिनेट की मुहर लग सकती है, इसके साथ ही आउटसोर्स और अनुबंध कर्मचारियों से जुड़े लंबित मामलो पर भी राहत भरा फैसला आने की पूरी उम्मीद है।
विपक्ष के 413 सवालो का तोड़ और नए बिलो की तैयारी
16 नवंबर से तपोवन में विपक्षी दल भाजपा 413 सवालो और 22 नोटिसों के साथ सरकार को घेरने की तैयारी कर चुकी है। ऐसे में कल की बैठक में सरकार दो मोर्चो पर अपनी रणनीति फाइल करेगी :
- विधानसभा के नए बिल : तपोवन सत्र के दौरान सदन में पेश किए जाने वाले महत्वपूर्ण विधेयकों (Bills) के ड्राफ्ट को कैबिनेट से अंतिम मंजूरी दी जाएगी।
- चुनावी गारंटियों पर फोकस : जनता से की गई गारंटियों को ज़मीन पर उतारने और जनकल्याणकारी योजनाओं को रफ्तार देने के लिए नए प्रस्तावों पर चर्चा होगी।
कल की कैबिनेट बैठक पर टिकी सभी की नजरें
प्राप्त जानकारी के अनुसार सामान्य प्रशासन विभाग ने बैठक को लेकर आधिकारिक सूचना जारी कर दी है और सभी विभागों से अपने-अपने एजेंडे मंगवा लिए हैं। इस बैठक के तुरंत बाद मंत्रियो और अधिकारियों का काफिला शीतकालीन सत्र के लिए धर्मशाला की ओर रवाना होगा। ऐसे में कल दोपहर 2:30 बजे के बाद सचिवालय से निकलने वाले फैसलों पर हर किसी की नजर बनी रहेगी।



