बिलासपुर। वीरभूमि कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश ने आज अपना एक और बहादुर सपूत खो दिया। देश की सरहदों की सुरक्षा और मातृभूमि की सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले बिलासपुर जिले के 35 वर्षीय जवान संदीप कुमार पंचतत्व में विलीन हो गए। अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से दुनिया को अलविदा कहने वाले संदीप कुमार का आज उनके पैतृक गांव खमेड़ा कलां में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पूरा क्षेत्र गमगीन नजर आया। अपने वीर जवान को अंतिम विदाई देने के लिए सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे।

तिरंगे में लौटे बेटे को देख बिलख पड़ी मां
खमेड़ा कलां गांव के लिए आज का दिन कभी न भूलने वाला दर्द दे गया। गांव की गलियों में लोगों की भीड़ थी, लेकिन हर तरफ एक अजीब सी खामोशी पसरी हुई थी। हर कोई अपने वीर जवान की एक झलक पाने के लिए पहुंचा था। जैसे ही सेना के जवान तिरंगे में लिपटी संदीप कुमार की पार्थिव देह लेकर उनके घर पहुंचे, परिजनों का धैर्य जवाब दे गया। मां की आंखें अपने बेटे को तलाश रही थीं, लेकिन सामने ताबूत में तिरंगे से ढका उसका पार्थिव शरीर था। पत्नी की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। यह दृश्य इतना भावुक था कि वहां मौजूद लोगों की आंखें भी छलक उठीं। किसी ने परिवार को संभालने का प्रयास किया तो कोई खामोशी से हाथ जोड़कर वीर जवान को नमन करता रहा।।
15 साल से अधिक की देश सेवा
जवान संदीप कुमार बिलासपुर जिले के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत घराण के गांव खमेड़ा कलां के रहने वाले थे। वह नानक चंद के पुत्र थे। संदीप कुमार ने 27 दिसंबर 2010 को भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सफर शुरू किया था। वह ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट में अपनी सेवाएं दे रहे थे। करीब 16 वर्षों के सैन्य सफर में उन्होंने अपनी जिंदगी का महत्वपूर्ण हिस्सा देश की सुरक्षा और सेना के कर्तव्यों को समर्पित किया। वर्तमान में उनकी तैनाती अरुणाचल प्रदेश में थी, जहां वह अपनी ड्यूटी निभा रहे थे।
ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार 10 नवंबर को अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी के दौरान अचानक संदीप कुमार की तबीयत बिगड़ गई। प्रारंभिक जानकारी में उच्च हिमालयी क्षेत्र में ऑक्सीजन का स्तर कम होने के चलते सांस लेने में गंभीर परेशानी होने की बात सामने आई है। इसी दौरान उनका निधन हो गया। हालांकि, मृत्यु के सटीक चिकित्सकीय कारणों को लेकर सेना की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
45 दिन परिवार के साथ बिताकर लौटे थे
परिजनों के अनुसार संदीप कुमार बीते जून महीने में छुट्टी लेकर घर आए थे। उन्होंने करीब 45 दिन अपने परिवार के साथ बिताए थे। इस दौरान उन्होंने अपनों के साथ समय बिताया और फिर अगस्त में वापस अपनी सैन्य ड्यूटी पर लौट गए। परिवार के लिए वे दिन अब जीवनभर की यादें बनकर रह गए हैं। संदीप कुमार विवाहित थे और उनकी अभी कोई संतान नहीं थी। उनके असमय निधन से पत्नी और मां पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सैन्य सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई
आज जब संदीप कुमार का अंतिम संस्कार किया गया तो पूरा क्षेत्र अपने वीर सपूत को नमन करने उमड़ पड़ा। अंतिम संस्कार स्थल पर सैकड़ों लोग मौजूद रहे। सेना की सम्मान गार्ड ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ जवान को अंतिम सलामी दी। पार्थिव देह लेकर गांव पहुंचे सेना के जवानों ने भी अपने साथी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। तिरंगे में लिपटे अपने साथी को सलामी देते समय सैन्य जवानों के चेहरों पर भी गम साफ झलक रहा था। सैन्य सम्मान के बीच जब अंतिम विदाई की रस्में पूरी की गईं तो वहां मौजूद हर व्यक्ति भावुक हो उठा। भारत माता की जय और जवान संदीप कुमार अमर रहें के नारों से वातावरण गूंज उठा।
पूर्व सैनिकों ने पुष्पचक्र अर्पित कर किया नमन
अंतिम संस्कार के दौरान पूर्व सैनिक कल्याण समिति हिमाचल प्रदेश के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पुष्पचक्र अर्पित कर जवान को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर समिति के प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन अमरनाथ धीमान, उपाध्यक्ष सूबेदार मेजर सर्वजीत सिंह, सूबेदार मेजर नानक चंद, कैप्टन योगेंद्र पाल सेना मेडल, सूबेदार मेजर ज्ञानचंद, सूबेदार सोहन सिंह मनहास, नायब सूबेदार राजकुमार पटियाल, सूबेदार जगजीत सिंह, सूबेदार बलदेव सिंह, कैप्टन संजय कुमार, सूबेदार मेजर कुलवंत सिंह पटियाल और सब इंस्पेक्टर हेमराज सहित कई पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।
विधायक, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
जवान संदीप कुमार की अंतिम विदाई में झंडूता के विधायक जीत राम कटवाल, कांग्रेस पार्टी के महासचिव विवेक कुमार और एसडीएम झंडूता अर्शिया शर्मा सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों ने भी पहुंचकर पुष्पचक्र अर्पित किए और दिवंगत जवान को नमन किया।



