चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर देने वाली सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां गैहरा-पियूरा संपर्क मार्ग पर खस्ताहाल सड़क एक बार फिर हादसे की वजह बन गई। बुधवार शाम बारातियों को लेकर पहुंची एक इनोवा गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50  मीटर नीचे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गाड़ी में सवार चार लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि इस भीषण दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई। लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर  मंत्री विक्रमादित्य सिंह के लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली और सड़क की बदहाल स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बारात छोड़कर लौट रही थी इनोवा

जानकारी के अनुसार इनोवा गाड़ी नंबर HP01H-2141 चंबा के रजेरा से बारात लेकर पियूरा पहुंची थी। बारात छोड़ने के बाद गाड़ी में कुछ तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते चालक वाहन को ठीक करवाने के लिए वर्कशॉप की तरफ जा रहा था। इसी दौरान कुठेड़ गांव के समीप अचानक गाड़ी चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और देखते ही देखते सड़क से नीचे गहरी खाई में जा पलटी। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गाड़ी सड़क से करीब 150 फीट नीचे जा गिरी।

​

–Ads–

 

खाई में गिरते ही मची चीख-पुकार

हादसे के समय इनोवा में चालक समेत चार लोग सवार थे। गाड़ी के खाई में गिरते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में ग्राम पंचायत घुलारा के रविंद्र कुमार, योगराज और पप्पू सहित गैहरा के जौआ निवासी अभिषेक घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों से संबंधित जानकारी जुटाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी।

 

यहीं पर पहले दो महिलाओं की गई थी जान

गैहरा-पियूरा संपर्क मार्ग पर यह कोई पहला हादसा नहीं है। कुछ दिन पहले भी इसी सड़क पर एक वाहन दुर्घटना में दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यहां अब तक एक दर्जन से अधिक वाहन दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है। ऐसे में हर बार सफर करने वाले लोगों की जान जोखिम में बनी रहती है।

 

ग्रामीणों ने किया था धरना-प्रदर्शन

सड़क की बदहाली से परेशान ग्रामीण कई महीने पहले अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतर चुके हैं। लोगों ने सड़क की मरम्मत और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए धरना-प्रदर्शन किया था। इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने चक्का जाम कर प्रशासन और संबंधित विभाग तक अपनी आवाज पहुंचाने का प्रयास भी किया था। इसके बावजूद स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क की हालत में कोई बड़ा सुधार देखने को नहीं मिला।

विक्रमादित्य सिंह के विभाग पर उठे सवाल

लगातार सामने आ रहे हादसों ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। प्रदेश में लोक निर्माण विभाग का जिम्मा मंत्री विक्रमादित्य सिंह के पास है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर ग्रामीणों के विरोध-प्रदर्शन और लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद भी इस सड़क की सुध क्यों नहीं ली गई? क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? फिलहाल ग्रामीणों की मांग है कि सड़क की तत्काल मरम्मत करवाई जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह के दर्दनाक हादसे का सामना न करना पड़े।

 

 

पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, इस हादसे ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षित यातायात के लिए सड़कों की समय पर मरम्मत कितनी जरूरी है। अब देखना यह होगा कि इस बार प्रशासन और लोक निर्माण विभाग ग्रामीणों की आवाज सुनकर कोई ठोस कदम उठाते हैं या फिर यह सड़क यूं ही हादसों का कारण बनी रहेगी।