नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल प्रदेश एक बार फिर गोलियों की आवाज से दहल उठा है। प्रदेश के सोलन जिले के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में मंगलवार सुबह सरेआम हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। यहां एक युवक ने अपने ही पड़ोसी को निशाना बनाते हुए उस पर एक के बाद एक तीन गोलियां दाग दीं। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। 

 

​

–Ads–

गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर नालागढ़ की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पड़ोसी ने युवक पर दागी तीन गोलियां 

जानकारी के अनुसार फायरिंग की यह वारदात नालागढ़ के वार्ड नंबर-7 में हुई। यहां रहने वाले मोहम्मद असलम पर कथित तौर पर उसके पड़ोसी युवक ने गोली चला दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने असलम पर कुल तीन गोलियां दागीं। इनमें से दो गोलियां उसके पेट में लगीं, जबकि एक गोली टांग में लगी। अचानक हुई इस गोलीबारी से इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी की भूमिका और उसके पीछे की वजह को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।

 

गंभीर हालत में घायल पीजीआई रेफर

फायरिंग में घायल मोहम्मद असलम को तुरंत उपचार के लिए नालागढ़ अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसकी जांच की। अस्पताल में मौजूद डॉक्टर तमन्ना के अनुसार युवक को तीन गोलियां लगी थीं, जिनमें दो पेट और एक टांग में लगी थी। पेट में गोली लगने के कारण शरीर के महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया।

आखिर किस बात को लेकर चली गोलियां

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी में फायरिंग करने वाले युवक को घायल का पड़ोसी बताया जा रहा है। हालांकि, दोनों के बीच किसी तरह की पुरानी रंजिश थी या विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी की पहचान, वारदात में इस्तेमाल हथियार और फायरिंग के पीछे के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

 

अक्टूबर में भी लगातार तीन बार हुई थी फायरिंग

गौर करने वाली बात यह है कि नालागढ़ में गोलीबारी की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। इससे पहले 14 अक्टूबर को बूटा प्लासी में एक घर पर फायरिंग की गई थी। इसके बाद 23 अक्टूबर को शिकायतकर्ता के घर को निशाना बनाकर गोलियां चलाई गईं। वहीं, 25 अक्टूबर को एक कबाड़ी के परिसर में भी फायरिंग की वारदात हुई थी। इन लगातार घटनाओं ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी थी।

चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद फिर फायरिंग 

अक्टूबर में हुई फायरिंग की तीनों घटनाओं की जांच के दौरान बद्दी पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने मोहाली के बिलोंगी बैरियर के पास दबिश देकर तीन आरोपियों को पकड़ा था, जबकि एक अन्य आरोपी अमृतपाल सिंह को जीरकपुर से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवेंद्र सिंह निवासी आनंदपुर साहिब, अमृतपाल सिंह निवासी रोपड़, उपकार सिंह निवासी आनंदपुर साहिब और राजेंद्र कुमार निवासी घुमारवीं, जिला बिलासपुर के रूप में हुई थी।

 

पुलिस ने बरामद की थी जिगाना पिस्टल और स्कॉर्पियो

इन गिरफ्तारियों के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कॉर्पियो गाड़ी, एक जिगाना पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए थे। पुलिस के अनुसार देवेंद्र सिंह तीनों पुरानी फायरिंग की घटनाओं में गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी था। उस समय पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ कर वारदातों के पीछे सक्रिय नेटवर्क का पता लगाने की बात कही थी।

बार-बार फायरिंग की घटनाओं से उठे सुरक्षा पर सवाल

अब नालागढ़ के वार्ड नंबर-7 में हुई ताजा गोलीबारी ने एक बार फिर क्षेत्र के लोगों को चिंता में डाल दिया है। औद्योगिक क्षेत्र में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से आम लोगों में असुरक्षा का माहौल बन रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर नालागढ़ में हथियारों का इस्तेमाल कर खुलेआम फायरिंग करने वालों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं? फिलहाल घायल मोहम्मद असलम का PGI चंडीगढ़ में उपचार होना है और पुलिस इस नई वारदात की जांच में जुटी है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि इस हमले के पीछे क्या वजह थी और आरोपी के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाती है।