चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में ड्यूटी को लेकर पुलिस विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। अब बिना किसी सूचना के ड्यूटी से गायब रहने वाले विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) की मनमानी नहीं चलेगी। SP ने साफ निर्देश दिए हैं कि अगर कोई SPO लगातार सात दिन तक गैरहाजिर रहता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इतना ही नहीं, दोबारा ड्यूटी पर लौटने के बाद भी उसे अपनी गैरहाजिरी की वजह बतानी होगी।

ड्यूटी से गायब रहने वाले SPO पर होगी कार्रवाई
चंबा के एसपी विजय कुमार सकलानी की ओर से जारी लिखित आदेश में कहा गया है कि विशेष पुलिस अधिकारियों को काफी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीमांत इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और जरूरी गुप्त जानकारियां जुटाना उनके काम का हिस्सा है। इसी वजह से सीमावर्ती क्षेत्रों के पुलिस थानों, चौकियों और चेक पोस्ट पर उनकी तैनाती की गई है।
स्थानीय जानकारी जुटाना भी SPO की जिम्मेदारी
आदेश के मुताबिक, SPO का काम अपने इलाके की गतिविधियों पर नजर रखना, गुप्त सूचनाएं जुटाना और बिना देरी किए इसकी जानकारी नजदीकी पुलिस थाने या चौकी तक पहुंचाना है। इसके अलावा उन्हें हर सप्ताह अपनी रिपोर्ट भी तय पुलिस पोस्ट पर जमा करवानी होती है। लेकिन पुलिस के सामने ऐसे मामले आए हैं, जिनमें कुछ SPO बिना बताए अपने इलाके से बाहर चले जाते हैं और कई-कई दिनों तक ड्यूटी पर वापस नहीं आते।
7 दिन गैरहाजिर रहने पर देनी होगी रिपोर्ट
एसपी कार्यालय ने सीमांत क्षेत्रों के थानों और चौकियों के प्रभारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि अगर कोई SPO बिना पूर्व सूचना के लगातार सात दिनों तक ड्यूटी से गैरहाजिर रहता है और अपनी साप्ताहिक रिपोर्ट भी जमा नहीं करवाता है, तो इसकी जानकारी तुरंत एसपी कार्यालय को दी जाए।
इसके अलावा जब गैरहाजिर SPO वापस ड्यूटी पर लौटेगा, तो उसकी गैरहाजिरी का कारण लिखित रूप में SP कार्यालय भेजना होगा। इसके बाद विभाग समीक्षा करेगा कि संबंधित SPO की सेवाएं उसी जगह ली जाएं या उसे किसी दूसरी जगह तैनात किया जाए। आदेश में यह भी साफ किया गया है कि एसपी कार्यालय की अनुमति के बिना गैरहाजिर SPO से दोबारा सेवाएं नहीं ली जाएंगी।
समय पर मानदेय नहीं मिलने से SPO परेशान
दूसरी तरफ, विशेष पुलिस अधिकारियों को समय पर मानदेय नहीं मिलने की शिकायत भी सामने आई है। चंबा जिले में कुल 518 SPO तैनात हैं। इन्हें हर महीने 6 हजार से 9 हजार रुपये तक मानदेय दिया जाता है। कुछ SPO का कहना है कि उन्हें पहले ही बहुत कम मानदेय मिलता है और वह भी समय पर नहीं दिया जाता।



