शिमला। दिवाली की छुट्टी के बावजूद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकारी कामकाज में व्यस्त नजर आए। गोवर्धन पूजा के बाद मुख्यमंत्री सीधे सचिवालय पहुंचे, जहां उन्होंने करीब चार घंटे तक अधिकारियों के साथ बैठक की और जरूरी फाइलों को निपटाया। इस दौरान उन्होंने आगामी कैबिनेट बैठक से पहले नई भर्तियों से जुड़े मामलों की ताजा जानकारी भी ली। साथ ही अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने और लंबित मामलों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

CM ने अधिकारियों को 16 से 21 नवंबर तक धर्मशाला में होने वाले विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तैयारियों को लेकर निर्देश दिए। इसके अलावा 13 नवंबर को होने वाली कैबिनेट बैठक के एजेंडे पर भी फोन के माध्यम से चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों से जरूरी मामलों को समय पर पूरा करने को कहा।
नई भर्तियों को लेकर मुख्यमंत्री ने लिया अपडेट
कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नई भर्तियों से जुड़े मामलों की भी जानकारी ली। इनमें ज्यादातर भर्तियां CBSE स्कूलों से संबंधित हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य चयन आयोग के अधिकारियों को भी नए निर्देश दिए हैं। सरकार चुनावी साल को देखते हुए नई नौकरियों से जुड़े मामलों में देरी नहीं करना चाहती। मुख्यमंत्री चाहते हैं कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़े सभी जरूरी काम तय समय पर पूरे किए जाएं, ताकि युवाओं को जल्द रोजगार के अवसर मिल सकें।
एंटी चिट्टा वॉकथॉन को दिखाएंगे हरी झंडी
CM सुक्खू 13 नवंबर को कैबिनेट बैठक से पहले मंडी के दौरे पर जाएंगे। वह सुबह 10 बजे अनाडेल से मंडी के लिए रवाना होंगे। सुबह 11 बजे पड्डल मैदान में पहुंचकर एंटी चिट्टा वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जिला लाइब्रेरी का नींव पत्थर भी रखेंगे।
कार्यक्रम पूरा करने के बाद CM दोपहर 1:30 बजे तक शिमला पहुंचेंगे। इसके बाद कैबिनेट की बैठक होगी। यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसके बाद 16 नवंबर से धर्मशाला में विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू होना है। ऐसे में सत्र से जुड़े विधेयकों और दूसरे जरूरी मामलों पर भी कैबिनेट में फैसला लिया जा सकता है।
सरकारी कर्मचारियों को मिल सकती है छुट्टी
दीपावली के बाद अब 11 नवंबर को भैया दूज का त्योहार मनाया जाएगा। इस दिन सरकारी कर्मचारियों को छुट्टी मिलने की चर्चा तेज हो गई है। सचिवालय में भी इसे लेकर चर्चा चल रही है कि सरकार भैया दूज पर अवकाश घोषित कर सकती है।
इससे पहले CM सुक्खू करवा चौथ पर महिलाओं के साथ पुरुषों के लिए भी छुट्टी घोषित कर चुके हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि भैया दूज पर भी सरकार इसी तरह का फैसला ले सकती है। हालांकि, अभी तक छुट्टी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।



