ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के बदोली गांव में दिवाली की रात पटाखे चलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए उजड़ गईं। इस खूनी संघर्ष में पति-पत्नी की जान चली गई, जबकि दो मासूम बेटियों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया।

 

​

–Ads–

इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। वहीं, अब इस हत्याकांड से जुड़े कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। जांच और ग्रामीणों से मिली जानकारी में दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से चली आ रही पुरानी रंजिश और रिश्तों में आई कड़वाहट की कहानी सामने आ रही है।

पटाखे चलाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऊना जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर बदोली गांव में दिवाली की रात यह घटना हुई। गांव में पटाखे चलाने को लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हो गई थी। बताया जा रहा है कि आतिशबाजी की चिंगारियां दूसरे परिवार के घर के आंगन में गिर रही थीं।

इसी बात को लेकर ओंकार सिंह के परिवार ने आपत्ति जताई। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक झड़प का रूप ले लिया। इस घटना में कुल छह लोग घायल हुए हैं। वहीं, 9 नवंबर की शाम को ओंकार सिंह और उनकी पत्नी का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हुई थार गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। मुख्य आरोपी जरनैल सिंह को इलाज के लिए पीजीआई भेजा गया है।

दोनों परिवारों में पहले से चल रही थी पुरानी रंजिश

बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच कभी कुत्ते को बाहर घुमाने तो कभी जमीन के पुराने विवाद को लेकर कहासुनी होती रहती थी। हालांकि, दोनों के बीच बातचीत पूरी तरह बंद नहीं हुई थी। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 1 नवंबर को जरनैल सिंह ने बसाल में अपने नए कार बाजार शोरूम की ओपनिंग की थी। इस कार्यक्रम में ओंकार सिंह भी शामिल हुए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही दिनों बाद दोनों परिवारों के बीच ऐसा विवाद हो जाएगा, जिसमें एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए उजड़ जाएंगी।

 

नाबालिग बेटे ने शिकायत में लगाए ये आरोप

पुलिस को दी शिकायत में जरनैल सिंह के 15 वर्षीय बेटे ने बताया कि दिवाली की रात वह अपने परिवार के साथ घर के आंगन में पटाखे चला रहा था। इसी दौरान पड़ोसियों परमजीत, फतेह सिंह, अनु, तेजस्वीर सिंह और ओंकार सिंह के साथ कहासुनी हो गई। बेटे का आरोप है कि परमजीत ने उसके सिर पर दराट से हमला किया, जबकि ओंकार सिंह ने उसके पिता जरनैल सिंह के साथ मारपीट की। उसने आरोप लगाया कि उन पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया, जिससे दोनों घायल हो गए।

अस्पताल में भी हुआ हंगामा

ओंकार सिंह और उनकी पत्नी वीना देवी को घायल हालत में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया था। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल में मृतक परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि उन्होंने जरनैल सिंह और उसके बेटे के साथ मारपीट की। इस दौरान अस्पताल में तोड़फोड़ भी की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग एक-दूसरे पर डस्टबिन फेंकते और अस्पताल के शीशे तोड़ते दिखाई दे रहे हैं। हालात बिगड़ने पर डॉक्टरों को भी वहां से भागकर अपनी जान बचानी पड़ी।

 

 

दूसरे पक्ष ने थार से परिवार को कुचलने का लगाया आरोप

वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से अजमेर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जरनैल सिंह उर्फ जैला अपने बेटे के साथ थार गाड़ी में उनके घर के बाहर पहुंचा। आरोप है कि उसने तेज रफ्तार से गाड़ी परिवार के सदस्यों पर चढ़ा दी। इस घटना में अजमेर सिंह, उनकी पत्नी सुषमा देवी, बेटा ओंकार सिंह और बहू वीना देवी घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने ओंकार सिंह और वीना देवी को मृत घोषित कर दिया। इस तरह दोनों परिवारों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज किए हैं।

अंतिम संस्कार के दौरान गांव में तैनात रही पुलिस

ओंकार सिंह और वीना देवी के अंतिम संस्कार के दौरान गांव में पुलिस बल तैनात रहा, ताकि किसी तरह का तनाव न बढ़े। इस दौरान परिवार की महिलाएं और दंपति की बहनें रो-रोकर बेहाल नजर आईं। दो मासूम बेटियों के सिर से माता-पिता का साया उठने से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।