ऊना। भाई दूज का त्योहार भाई-बहन के प्यार और मिलन का प्रतीक है। इस दिन हर भाई अपनी बहन के आने का इंतजार करता है, तो वहीं बहनें भी भाई को तिलक लगाकर उसकी लंबी उम्र की कामना करती हैं, लेकिन हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना से इस खुशी के मौके पर एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां भाई को टीका लगाने पहुंची महिला की स्कूटी की टक्कर लगने से मौत हो गई। इस हादसे ने परिवार की त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

भाई को टीका लगाने पहुंची थी महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला ऊना के त्यूड़ी चौक पर पेश आया है। यहां पर बुधवार को भाई दूज के मौके पर महिला अपने भाई राम स्वरूप को टीका लगाने के लिए त्यूड़ी चौक पहुंची थीं। त्यूड़ी बाजार से जरूरी सामान खरीदने के बाद वह अपनी दूसरी बहन का इंतजार करने के लिए सड़क किनारे खड़ी हो गईं।
स्कूटी ने मारी जोरदार टक्कर, सड़क पर गिरी महिला
इसी दौरान वहां से गुजर रही एक स्कूटी ने महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। महिला का भाई, भतीजा, स्कूटी चालक और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले गए, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। मृतका की पहचान जोगिंद्र देवी (57) पत्नी राम किशन सैणी निवासी लोअर अरनियाला के रूप में हुई है।
पुलिस ने कब्जे में लिया शव, हादसे की जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला के शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई की जा रही है।



